अग्रि भारत समाचार से रशीदा पीठावाला की रिपोर्ट
इंदौर । हिन्दी को राष्ट्रभाषा बनाने के लिए प्रतिबद्ध 'मातृभाषा उन्नयन संस्थान' आज रविवार स्थानीय साउथ एवेन्यू हॉटल में दोपहर 3 बजे से हिन्दी गौरव अलंकरण समारोह आयोजित करने जा रहा हैं। वर्ष 2021 के हिन्दी गौरव अलंकरण चयन समिति ने मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के मंत्री एवं सुप्रसिद्ध साहित्यकार कैलाश चंद्र पंत व तीन दशक से देवपुत्र के संपादक रहे एवं वर्तमान में साहित्य अकादमी, मध्यप्रदेश शासन के निदेशक डॉ. विकास दवे को हिन्दी गौरव अलंकरण से विभूषित किया जाने का निश्चय किया है। समारोह के मुख्य अतिथि नई दिल्ली से वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वेदप्रताप वैदिक जी एवं चैन्नई के वरिष्ठ साहित्यकार एवं समीक्षक प्रो. बी. एल. आच्छा जी अध्यक्षता करेंगे।
हिन्दी गौरव अलंकरण समारोह में काव्य साधकों को काव्य गौरव सम्मान भी प्रदान किया जायेगा जिनमें मेरठ से कवियित्री शुभम त्यागी, झाबुआ से हिमांशु भावसार 'हिन्द', इंदौर से गौरव साक्षी एवं महेंद्र पँवार एवं भोपाल से कवियित्री अपूर्वा चतुर्वेदी सम्मिलित रहेगी। समारोह का संचालन कवि अंशुल व्यास करेंगे। इसी के साथ श्रीमती अर्चना प्रेम माथुर का भी सम्मान किया जाएगा।
ज्ञात हो कि संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष एक हिन्दी सेवी पत्रकारिता के क्षेत्र से व एक हिन्दी सेवी साहित्य लेखन क्षेत्र से चयनित किए जाते है। पूर्व में पद्मश्री अभय छजलानी एवं अज्ञेय के चौथा सप्तक में शामिल राजकुमार कुम्भज भी इस अलंकरण से विभूषित हो चुके हैं।
संस्थान के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. नीना जोशी ने बताया कि 'संस्थान द्वारा स्थापित प्रतिष्ठित सम्मान में हिन्दी गौरव अलंकरण अग्रणीय हैं, इस वर्ष 2021 में कैलाश चन्द्र पंत जी व डॉ. विकास दवे जी इस अलंकरण से विभूषित होंगे जो निःसंदेह हिन्दी के गौरव हैं, आप के अवदान को सदियों तक याद रखा जाएगा। संस्थान आपको सम्मानित कर स्वयं गौरवान्वित महसूस कर रहा है।'
इस अवसर पर मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अर्पण जैन 'अविचल', राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष शिखा जैन, राष्ट्रीय सचिव गणतंत्र ओजस्वी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नितेश गुप्ता, जलज व्यास, सपन जैन काकड़ीवाला आदि ने शुभकामनाएँ दीं।
Post a Comment