Breaking News
Loading...
Agri Bharat Samachar -  Indore, Jhabua and MP Hindi News

अग्रि भारत समाचार से ब्यूरो चीफ़ मु. शफ़क़त दाऊदी की रिपोर्ट ।

अलीराजपुर ।  जिले के विकासखंड अलीराजपुर अंतर्गत ग्राम छोटा उंडवा के प्रगतिशील कृषक युवराजसिंह राठौर ने आम उत्पादन एवं संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए आम महोत्सव 2026 में जिले एवं मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। सीमित संसाधनों एवं अनेक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने परिश्रम, नवाचार एवं वैज्ञानिक खेती के माध्यम से सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। राठौर अपने कृषि फार्म पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की लगभग 140 प्रसिद्ध आम की किस्मों का संरक्षण एवं उत्पादन कर रहे हैं। उनके फार्म से प्रतिवर्ष लगभग 20 से 22 लाख रुपये मूल्य के आमों का विक्रय मध्यप्रदेश सहित दिल्ली, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों में किया जाता है।राठौर ने बताया कि आम की खेती की प्रेरणा उन्हें अपने दादाजी से मिली, जो पारंपरिक खेती के साथ प्रकृति एवं पौधों के प्रति विशेष लगाव रखते थे। बचपन से खेती के प्रति विकसित रुचि ने उन्हें आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। वर्तमान में वे वैज्ञानिक पद्धति से आम की उन्नत खेती कर रहे हैं तथा उन्हें राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के वैज्ञानिकों का समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त होता रहा है। वे अपने अनुभव अन्य किसानों के साथ साझा करते हुए युवाओं को भी आधुनिक कृषि अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।


हाल ही में लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में आयोजित आम महोत्सव-2026 में  युवराजसिंह राठौर ने अपनी उत्कृष्ट आम किस्मों का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उन्हें फजली, रूमानी, नूरजहां, राजापुरी, केसर, मनोहारी एवं हापुस किस्मों में प्रथम पुरस्कार तथा चौसा किस्म में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उद्यानिकी मंत्री माननीय श्री दिनेश प्रताप सिंह द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। राठौर की यह उपलब्धि अलीराजपुर जिले के साथ-साथ पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं सतत परिश्रम के माध्यम से कृषि को लाभकारी एवं सम्मानजनक व्यवसाय बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि "यदि किसान अपने खेत को केवल जमीन नहीं, बल्कि अपने सपनों की पहचान समझकर मेहनत करें, तो वही खेत उनकी सफलता का आधार बन सकता है।जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने युवराजसिंह राठौर की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनकी सफलता जिले के अन्य किसानों एवं युवाओं को भी आधुनिक कृषि अपनाने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post