अग्रि भारत समाचार से ब्यूरो चीफ़ मु. शफ़क़त दाऊदी की रिपोर्ट् ।
उज्जैन । महाकाल महाराज की नगरी उज्जैन के सॉलिटीयर होटल में विगत दिनों को प्रदेश के इतिहास में पहली बार एक ही दिन में 'कृषि आदान विक्रेता संघ की दो बैठक संपन्न हुई । पहले मध्य प्रदेश के 40 जिलों के व्यापारियों ने दिन में विभिन्न समस्याओं पर मंथन किया और रात्रि में उज्जैन जिले के लगभग 350 से ज्यादा व्यापारियों ने जिले की बैठक कर समस्याओं पर विचार विमर्श किया। दोनों कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर और बाबा महाकाल की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
प्रदेश सचिव संजय रघुवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि दिन में प्रांतीय बैठक में मध्य प्रदेश के 40 जिलों के जिला अध्यक्षों और प्रमुख पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। वहीं शाम को प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह राजपूत एवं प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण दुबे की मुख्य अतिथि में जिले के व्यापारियों का सम्मेलन संपन्न हुआ बैठक में संगठन को मजबूती देने के लिए प्रदेश स्तर पर प्रत्येक संभाग में संभागीय अध्यक्ष, उपाध्यक्ष ,सचिव, संगठन मंत्री एवं प्रचार मंत्री की एक टीम का गठन किया गया एवं उनके प्रमाण पत्र का वितरण भी किया गया । घोषणा के बाद उज्जैन जिला अध्यक्ष और व्यापारी साथियों ने फूल-मालाओं से इनका भव्य स्वागत किया।
मानसिंह राजपूत ने बताया कि इस टीम में जिन पदाधिकारी की नियुक्ति की गई है उनके द्वारा पिछले 10 वर्षों से संगठन में पूरी लगन और ईमानदारी से कार्य कर रहे सक्रिय पदाधिकारियों को ही उनकी योग्यता के अनुसार, बिना किसी सिफारिश के संगठन में संभागीय अध्यक्ष, संभागीय उपाध्यक्ष, संभागीय सचिव, संगठन मंत्री एवं प्रचार मंत्री की नई जिम्मेदारियाँ सौंपकर उनके प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
संघ के अध्यक्ष मानसिंह राजपूत ने कृषि आदान क्षेत्र में पैर पसार रहे ऑनलाइन व्यापार को लेकर सभी सदस्यों को कड़ा आगाह किया। उन्होंने कहा यदि आप अपने प्रतिष्ठान से ऑनलाइन कंपनियों के साथ व्यापार कर रहे हैं, तो उसे तुरंत बंद कर दें। ये कंपनियाँ अवैध व्यापार की श्रेणी में आती हैं। न तो इन्हें कंपनी द्वारा पीसी (Principal Certificate) दिया जाता है और न ही ये माल सप्लाई करने वाले विक्रेता को पीसी देती हैं। नियमानुसार यह पूरी तरह अवैध है। सभी व्यापारी समय रहते संभल जाएँ और कंपनियों से पक्के बिल पर लॉट नंबर व बैच नंबर डलवाकर ही माल खरीदें। प्रदेश सचिव संजय रघुवंशी ने अपने संबोधन में आगामी सीड एक्ट और पेस्टिसाइड बिल के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने फर्टिलाइजर (उर्वरक) के व्यापार में आ रही ई-टोकन की समस्या पर विशेष रूप से प्रकाश डालते हुए इस पर ध्यान आकर्षित किया।
उज्जैन जिला अध्यक्ष ने व्यापार को सुचारू रूप से चलाने के लिए संगठन में अधिक से अधिक सदस्य जोड़कर इसे मजबूत बनाने का आह्वान किया। वहीं, उज्जैन जिले के उपाध्यक्ष श्री जवाहर जी जैन ने भी इस विषय पर अपने विचार साझा किए।बैठक में प्रदेशभर से आए वरिष्ठ व्यापारियों और जिला अध्यक्षों ने प्रदेश संगठन के कार्यों की सराहना की और भविष्य में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। पदाधिकारियों ने प्रदेश संगठन से निवेदन किया कि सदस्यता लिंक को वर्तमान में चालू रखा जाए, ताकि जिन जिलों में सदस्यता अभियान अभी अधूरा है, वहाँ इसे गति देकर संगठन को और अधिक शक्तिशाली बनाया जा सके।
बैठक में मुख्य रूप से विनोद जी जैन (खरगोन), रमेश गर्ग (रतलाम), शैलेंद्र बघेल (रीवा), प्रकाश जैन (बैतूल), आनंद कपूर (जबलपुर), अनुराग जैन (सागर), मोहन आर्य (आगर), राकेश जैन (मंदसौर), आशीष भंसाली (खंडवा), नरेश पहाड़िया (धार), शफकतभाई दाऊदी (अलीराजपुर), राजीव पीतलिया एवं दीपक चौरसिया (विदिशा), सुनील राठी (सीहोर), बालकृष्ण पाटिल (हरदा), प्रणीत समैया (सिलवानी), प्रवीण रघुवंशी (नर्मदापुरम), और उदय पटेल (बकतरा) सहित अनेक जिला अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों ने भी सम्बोधित किया ।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सचिव संजय रघुवंशी ने किया एवं उपस्थित सभी अतिथियों व व्यापारी साथियों का आभार प्रदर्शन लाखन सिंह केलवा द्वारा किया गया।




Post a Comment