Breaking News
Loading...
Agri Bharat Samachar -  Indore, Jhabua and MP Hindi News

अग्री भारत समाचार से ब्यूरो चीफ़ मु. शफ़क़त दाऊदी कि रिपोर्ट ।

आलीराजपुर ।  पवित्र माह रमजान के मुकम्मल 30 रोज़ों के बाद शनिवार को जिलेभर व नानपुर नगर में भी  ईद-उल-फितर का मुबारक त्योहार पूरे जोश, अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। इस पाक मौके पर नानपुर की ईदगाह में मुस्लिम भाईयों ने बड़ी तादाद में जुटकर ईद की नमाज़ अदा की और मुल्क में अमन-ओ-सुकून, तरक्की व खुशहाली के लिए खास दुआएं मांगी। नानपुर ईदगाह में सुबह से ही नमाज़ियों का हुजूम उमड़ पड़ा। हाफिज व कारी हशमत रजा नूरी ने पहले नमाज अदा कराई फिर खुत्बा पेश फरमाया, जिसमें उन्होंने ईद-उल-फितर की अहमियत और इंसानियत, मोहब्बत व भाईचारे का पैगाम दिया। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर “ईद मुबारक” कहा और खुशियों का इज़हार किया। पूरा माहौल मोहब्बत, सौहार्द और भाईचारे से सराबोर नजर आया। ईद-उल-फितर इस्लाम का एक अहम त्योहार है,जो रमजान के रोज़ों की तकमील के बाद मनाया जाता है। यह दिन अल्लाह की इबादत, शुक्र अदा करने और जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने का होता है। ईद से पहले फितरा (दान) अदा किया जाता है, ताकि हर गरीब और जरूरतमंद भी इस खुशी में शामिल हो सके। इस दिन लोग नए कपड़े पहनते हैं, मस्जिदों में नमाज़ अदा करते हैं और एक-दूसरे के घर जाकर मुबारकबाद पेश करते हैं। पूरे गांव के घरों में ईद की रौनक देखते ही बन रही थी। 

घर-घर में सिवइयां, शीरखुर्मा और लजीज पकवान बनाए गए। बच्चों में खासा उत्साह नजर आया, जहां बड़ों ने उन्हें ईदी देकर दुआओं से नवाजा। लोग एक-दूसरे के यहां जाकर सिवइयां खिलाकर खुशियां साझा करते दिखे। वहीं ईद के मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नानपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। ईदगाह और मस्जिद के आसपास पुलिस बल तैनात रहा, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ ।

Post a Comment

Previous Post Next Post