Breaking News
Loading...
Agri Bharat Samachar -  Indore, Jhabua and MP Hindi News

अग्रि भारत समाचार से रशीदा पीठावाला की रिपोर्ट

इन्दौर। शुक्रवार को पारित प्रस्ताव में कहा गया है कि संयुक्त राष्ट्र हिन्दी भाषा सहित आधिकारिक और गैर-आधिकारिक भाषाओं में महत्वपूर्ण संचार और संदेशों का प्रसार जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) ने एक उल्लेखनीय पहल करते हुए बहुभाषावाद पर भारत द्वारा पेश प्रस्ताव को पारित किया है।  इसमें संयुक्त राष्ट्र के कामकाज में हिंदी व अन्य भाषाओं को भी बढ़ावा देने का पहली बार जिक्र किया गया है। इस साल पहली बार प्रस्ताव में हिन्दी भाषा का उल्लेख है। संयुक्त राष्ट्र महासभा के इस फ़ैसले पर भारत का अग्रणीय हिन्दी प्रचारक संस्था मातृभाषा उन्नयन संस्थान ने महासभा के आभार व्यक्त किया, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अर्पण जैन 'अविचल' ने कहा कि 'हिन्दी भारत की प्रतिनिधि भाषा है, और भाषा के माध्यम से भारत की प्रभुत्व संपन्नता आँकी जाती है। संयुक्त राष्ट्र महासभा का अशेष आभार, जिन्होंने विश्व के दूसरे बड़े राष्ट्र की आधिकारिक भाषा को महत्त्व प्रदान कर स्वीकार किया। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि, राजदूत टीएस तिरुमूर्ति ने इस पहल का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि बहुभाषावाद को संयुक्त राष्ट्र के मूलभूत मूल्यों के रूप में मान्यता दी गई है। तिरुमूर्ति ने बहुभाषावाद व हिंदी को प्राथमिकता देने के लिए यूएन महासचिव के प्रति आभार प्रकट किया। भारतीय प्रतिनिधि ने कहा कि भारत 2018 से यूएन के वैश्विक संचार विभाग (डीजीसी) के साथ साझेदारी कर रहा है। यूएन के समाचार  और मल्टीमीडिया सामग्री को हिंदी में प्रसारित करने व मुख्यधारा में लाने के लिए अतिरिक्त राशि दे रहा है। 

तिरुमूर्ति ने आगे कहा कि यूएन में हिंदी को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत 2018 में 'हिंदी @ यूएन' परियोजना आरंभ की गई। इसका उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र की सार्वजनिक सूचनाएं हिंदी में देने को बढ़ावा देना और दुनियाभर के करोड़ों हिंदी भाषी लोगों के बीच वैश्विक मुद्दों के बारे में अधिक जागरूकता लाना है। इस संदर्भ में उन्होंने एक फरवरी, 1946 को यूएन महासभा के पहले सत्र में अपनाए गए सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 13(1) का जिक्र किया। इसमें कहा गया था कि संयुक्त राष्ट्र अपने उद्देश्यों को तब तक प्राप्त नहीं कर सकता जब तक कि दुनिया के लोगों को इसके उद्देश्यों और गतिविधियों के बारे में पूरी जानकारी न हो। संयुक्त राष्ट्र में बहुभाषावाद को सही मायने में अपनाना अनिवार्य है। भारत इस उद्देश्य को प्राप्त करने में संयुक्त राष्ट्र का समर्थन करेगा। संयुक्त राष्ट्र में अरबी, चीनी, अंग्रेजी, फ्रेंच, रूसी और स्पेनिश ये छह आधिकारिक भाषाएं हैं। जबकि, अंग्रेजी और फ्रेंच संयुक्त राष्ट्र सचिवालय की कामकाजी भाषाएं हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post