Breaking News
Loading...
Agri Bharat Samachar -  Indore, Jhabua and MP Hindi News

अग्रि भारत समाचार से कादर शेख की रिपोर्ट

The Collector and Superintendent of Police discussed with the hospitalized patients.

थांदला । नगर में जैसे-जैसे कोरोना का प्रकोप बढ़ रहा है। वैसे-वैसे प्रशासन भी सक्रिय होता जा रहा है। शुक्रवार सुबह जहां नगरीय प्रशासन, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन ने मास्क नहीं पहनने वाले नागरिकों पर चालानी कार्रवाई की। वहीं शाम 4:30 बजे कलेक्टर रोहित सिंह और एसपी आशुतोष गुप्ता द्वारा शासकीय अस्पताल की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर निरीक्षण किया गया।


अपने इस निरीक्षण में कलेक्टर रोहित सिंह और एसपी आशुतोष गुप्ता ने अस्पताल में भर्ती मरीज से चर्चा की। उनको मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पूछा। साथ ही उन्होंने बीएमओ डॉ. अनिल राठौर से कॉविड सेंटर और वैक्सीनेशन की जानकारियां ली। वर्तमान में कोविड पोजेटिव नागरिकों का आंकड़ा भी लिया।

डॉ. राठौर ने कलेक्टर सिंह को बताया कि वर्तमान में शासकीय अस्पताल में 100 बेड की क्षमता है। लेकिन शासन द्वारा फिलहाल 40 बेड ही उपलब्ध कराए गए हैं। मरीजों को पीने के लिए पानी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है।

कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर भी उन्होंने अलग से स्टाफ की मांग की। वहीं बताया कि सामान्य स्टाफ भी कम है ऐसे में सामान्य स्टाफ को कोविड सेंटरों में जाना पड़ रहा है। जिससे व्यवस्थाएं बाधित हो रही है। अस्पताल में जनरेटर की भी आवश्यकता है। उक्त समस्याओं को शीघ्र ही दूर करने की बात कलेक्टर सिंह ने कही। कलेक्टर सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि जिले में कोविड सामान्य स्थिति में है। शासन द्वारा पूरी व्यवस्था है। कलेक्टर ने बताया कि वे जिले के सभी अस्पतालों का निरीक्षण कर रहे हैं।

मीडिया द्वारा वेक्सिनेशन के कार्य मे तेजी नही होने के सवाल पर कलेक्टर ने कहा कि वैक्सीनेशन की कमी के कारण अभी धीमी गति से काम चल रहा है। आने वाले दिनों में यह कार्य तेजी से किया जाएगा। वर्तमान में 39 कोरोना केस थांदला शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में एक्टिव है इसके लिए अलग से कंटेन्मेंट ज़ोन बनाने की बात पर कलेक्टर सिंह ने कहा कि शासन द्वारा ऐसे मरीजों के लिए माइक्रो कंटेन्मेंट ज़ोन बनाया जाएगा।


कई मरीजों और नागरिकों समीपस्थ राज्य विभिन्न कार्यो के लिए गुजरात जाना पड़ रहा है। वहां उनसे आरटीपीसीआर की रिपोर्ट मांगी जा रही है। जिससे नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर सिंह ने बताया कि वह जल्द ही दाहोद के कलेक्टर से बात करेंगे और नागरिकों को थर्मल स्कैनिंग कर दाहोद या गुजरात जाने दिया जाएगा।

कोरोना की स्थिति पर कलेक्टर सिंह ने कहा कि कोरोना को लेकर जिले में स्थिति संतोषजनक है। प्रशासन सभी प्रकार की आपदाओं से निपटने के लिए तैयार है। यहां से कलेक्टर और एसपी आशुतोष गुप्ता थांदला बाजार और ग्रामीण क्षेत्रों में निरीक्षण के लिए निकले। उन्होंने कोविड पोजेटिव आए नागरिकों के गलियों, कालोनियों का निरीक्षण भी किया और संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जरूरी निर्देश भी दिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post