अग्रि भारत समाचार से कादर शेख की रिपोर्ट
थांदला । झाबुआ जिले की थांदला विधानसभा से प्रदेश भाजपा में एक साथ दो बड़े पद मिलने के बाद जिले के समस्त भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह भर गया। जिले में प्रथम बार आगमन पर नवनियुक्त अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कलसिंह भाबर और प्रदेश भाजपा संगठन मंत्री संगीता विश्वास सोनी के स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने पलक पावडे बिछा दिए। जिले की सीमा माही नदी पर भाजपा कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा। कार्यकर्ताओं ने यहां पदाधिकारियों का ऐतिहासिक स्वागत किया और खुली जीप में पदाधिकारियों को बैठाकर सारंगी ले गए। यहां भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ नवनियुक्त पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया। जुलूस का यह कारवां करडावद, पेटलावद, बामनिया, खवासा होते हुए थांदला पहुंचा।
यहां नगर के विभिन्न भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारी कलसिंह भाबर और संगीता विश्वास सोनी का शाल, पुष्पमाला, गुलाल, कबीर लगाकर और आतिशबाजी कर स्वागत किया। थांदला में हुए इस स्वागत से नगर की सड़कें गुलाल और फूलों से पट गई।थांदला में नवनियुक्त पदाधिकारियों के स्वागत का क्रम चैनपुरी, नेचुरल गोल्ड रोड, पुरानी मंडी, वागड़िया फलिया बस स्टैंड, कुम्हारवाड़ा, दीपमालिका चौराहा, पीपली चौराहा, आजाद चौक, जवाहर मार्ग, अंबे माता मंदिर, अस्पताल चौराहा, नगर परिषद चौराहा, सरस्वती शिशुबाल मंदिर स्कूल, महर्षि दयानंद सेवाश्रम, नौगावा आदि स्थानों पर किया गया।
थांदला से जुलूस के रूप में निकला यह जनसैलाब मेघनगर के लिए रवाना हो गया।
दोनों ही नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ‘झाबुआ पोस्ट’ से चर्चा करते हुए बताया कि प्रदेश भाजपा का यह तोहफा पूरी क्षेत्र के जनता के लिए है। पहले भी भाजपा सरकार ने क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। और अब भी कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। प्रदेश सरकार का विशेष ध्यान झाबुआ जिले पर है। अब जल्द ही झाबुआ जिला विकास की नई गाथा लिखेगा।
Post a Comment