Breaking News
Loading...
Agri Bharat Samachar -  Indore, Jhabua and MP Hindi News

अग्रि भारत समाचार ।

झाबुआ । जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 38 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर डॉ. भरसट ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर पात्रतानुसार गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। पशुपालन एवं डेयरी विभाग की बकरी पालन (10+1) योजना के अंतर्गत  विशाल खपेड़ को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से 77 हजार 456 रुपये के ऋण का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। इसी प्रकार नगर पालिका परिषद झाबुआ द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत श्रीमती अनिता को केनरा बैंक के माध्यम से 20 हजार रुपये के ऋण का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।

जनसुनवाई में झाबुआ निवासी सलोनी पिता मुकेश कुमार अरोड़ा ने किडनी संबंधी गंभीर बीमारी के उपचार एवं परिवार की आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर डॉ. भरसट ने सामाजिक न्याय विभाग को प्रकरण का परीक्षण कर पात्रतानुसार स्वरोजगार योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। ग्राम उमरिया वजंत्री निवासी  किडू गुंडिया ने ग्राम पंचायत में सीसी रोड एवं पुलिया निर्माण कार्यों की शिकायत पर भौतिक सत्यापन के पश्चात जांच रिपोर्ट एवं कार्रवाई के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। मेघनगर नाका झाबुआ निवासी आकांक्षा पिता हेमेन्द्र डामोर ने चोरी एवं उनके पिता के साथ हुई मारपीट के मामले में उचित कार्रवाई के लिए आवेदन दिया।


ग्राम पालेड़ी तहसील रामा निवासी  अरविन्द एवं  संदिप ने पट्टे के मकान में अपना नाम दर्ज कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने एसएलआर को प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम कोकावद के ग्रामीणों ने भूमि बिट नंबर 302 पर किए जा रहे अतिक्रमण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर डॉ. भरसट ने एसडीओ फॉरेस्ट को प्रकरण में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम मोरडुण्डिया के मावड़ा फलिया एवं मवड़ी फलिया के निवासियों ने आंगनवाड़ी केंद्र में भोजन सामग्री वितरण से संबंधित शिकायत प्रस्तुत करते हुए संबंधित स्व-सहायता समूह के संबंध में जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की। ग्राम परवट निवासी पप्पूसिंह पिता नाना भूरिया ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत करते हुए मौका निरीक्षण एवं सीमांकन कर नियमानुसार कार्रवाई के लिए आवेदन दिया। वहीं ग्राम मलवान निवासी धुलिया पिता तेनु मेड़ा ने राशि का भुगतान करने के बावजूद गिरवी रखी चांदी की सामग्री वापस नहीं मिलने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत कर कार्रवाई की मांग की।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि जनसुनवाई नागरिकों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्राप्त आवेदनों का केवल औपचारिक निराकरण न करते हुए अधिकारी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण करें। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अनावश्यक विलंब के बिना उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने आवेदनों पर की जा रही कार्रवाई की नियमित मॉनिटरिंग करने और आवेदकों को प्रकरण में हुई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post